Thursday, April 7, 2011

मूंगफ़ली का हलवा

                सामग्री :
कच्ची मूंगफली :२५० ग्राम 
घी                     :२५० ग्राम 
चीनी                 :२०० ग्राम 
छोटी इलायची 

                 विधि :
मूंगफली को दो -तीन घंटे के लिए पानी में भिगो दें |छिलका उतार कर पीस लें |अब कड़ाही में घी डाल कर पिसी मूंगफली धीमी आंच पर भून लें |जब मूंगफली घी छोड़ने लगे और गुलाबी रंग की हो जाए ,तब इस को थाली में निकाल कर रख लें |अब चाशनी बना लें |चाशनी में भुनी मूंगफली डाल कर चलाती जाएँ |जब हलवा कड़ाही से 
चिपकना बंद हो जाए तो समझिये हलवा तैयार है |ऊपर से पिसी इलायची डाल कर परोसिये .....
                                                                                                                                

सिंघाड़े की इडली

            सामग्री :
सिंघाड़े का आटा
दही 
सेंधा नमक 
जीरा 
हरी धनिया 
हरी मिर्च 
पिसी खटाई 
घी 
      विधि :
सिंघाड़े के आटे को नमक के साथ दही में फेंट कर थोड़ा खमीर उठाने के लिए रख दें |ये मिश्रण थोड़ा गाढा होना चाहिए |जब खमीर उठ जाए तब इडली के सांचे में डाल कर माइक्रोवेव में पका लें | थोड़ा ठंडा होने पर घी गरम 
कर के जीरा और हरी मिर्च का छौंक लगा कर हलके हाथों इडली भून लें |ऊपर से पिसी खटाई और हरा धनिया 
डाल कर गरम-गरम परोसें ....... 

खरबूजे की खीर

              सामग्री :
खरबूजे  का लच्छे : १०० ग्राम
दूध : १ किलो 
चीनी : १२५ ग्राम 
बादाम ,पिस्ता ,गरी ,इलायची ,गुलाब जल 
घी 

               विधि :
अधपके खरबूजे का लच्छा बना कर धो कर पतले कपडे में बाँध कर हल्की आंच पर उबाल लीजिये | अब इन्हें कडाही में घी दाल कर भून लीजिये |अब लच्छों को दूध में धीमी आंच पर गाढ़ा कर कीजिये |जब थोड़ा गाढ़ा हो जाए ,तब चीनी डाल कर पूरा गाढ़ा कर लें | अब आंच से उतार कर उसमें सारे मेवे और गुलाब जल डाल दें !!!  

सिन्घाडे के आटे की कढी .....

सामग्री :

सिंघाड़े का आटा 
सेंधा नमक 
पिसी मिर्च
पिसी खटाई
जीरा  
घी

विधि :

सिंघाड़े के आटे को हलके गुनगुने पानी में पकौड़ी ऐसा घोल बना लें ,खूब अच्छी तरह से फेंट लें |
घी गरम कर के छोटी-छोटी पकौड़ियाँ तल लें | अब आटे का कढी जैसा पतला घोल बना लें ,सारे 
मसाले मिला लें | थोड़े से घी में जीरा की छौंक लगा कर घोल को डाल दें और पका लें | जब  कढी 
पक जाए तब पिसी खटाई डाल कर अच्छी तरह से मिला लें |जब खाना हो उसके पांच मिनट पहले 
पकौड़ी डालें |पहले डाल देने पर पकौड़ी गल जायेगी | इस कढी को तिन्नी के चावल या सिंघाड़े की 
रोटी -पूरी -पराठा किसी भी चीज़ से खाएं | 

  

Monday, April 4, 2011

साबूदाने की टिकिया

सामग्री :
साबूदाना :२५० ग्राम 
उबले आलू :२५० ग्राम 
लाल मिर्च ,सेंधा नमक ,हरा धनिया ,हरी मिर्च ,भुना पिसा जीरा ,घी 

विधि :
साबूदाना धो कर छलनी में रख लें |जब साबूदाना नरम हो जाए ,उसमें उबले आलू घिस कर मिला लें ,सारे मसाले भी मिला लें |आंच पर तवा रखें और घी दाल कर ,उस पर इस घोल की टिकिया बना कर धीमी आंच पर सेंके | हरी चटनी के साथ परोसें ....

साबूदाना की खीर

सामग्री :
साबूदाना :२५० ग्राम 
दूध :१ किलो 
शक्कर 
घिसा नारियल, छोटी इलायची,चिरौंजी ,किशमिश ,काजू ,बादाम 

विधि :
साबूदाना पानी में अच्छी तरह धो  लें और पांच मिनट तक भिगोये रखें |दूध खूब गरम कर लें और भीगा साबूदाना उसमें डाल दें और कलछी से मिलाती रहें |जब साबूदाना दूध में घुल जाएँ तो शक्कर और मेवा डाल दें |यह खीर गरम या ठंडी जैसे भी खाए ,स्वादिष्ट लगेगी !!!

साबूदाने की पकौडी

सामग्री :
साबूदाना :२५० ग्राम 
उबले आलू :२५० ग्राम 
मूंगफली के दाने :५० ग्राम
(बारीक पिसे ) 
सेंधा नमक ,हरी मिर्च ,हरी धनिया ,लाल मिर्च तलने के लिए घी 

विधि :
साबूदाना धो कर दस मिनट पानी में ही भीगने दें |अब साबूदाना पानी से निकाल कर उसमें आलू  मिला लें |इस में मूंगफली के पिसे दाने ,कटी हरी मिर्च ,हराधानिया और नमक मिला लें इस के घोल को गाढा रखें |घी गरम कर लें और छोटी-छोटी पकौड़ी तल लें और हरे धनिये की चटनी के साथ खाएं | 

साबूदाने की खिचडी

साबूदाने की खिचडी

सामग्री :
 साबूदाना :२५० ग्राम 
मूंगफली के दाने :५० ग्राम
आलू :२ 
सेंधा नमक ,जीरा ,हरी मिर्च ,हरा धनिया ,घी 

विधि :
साबूदाने को अच्छी तरह धो कर दस मिनट के लिए छलनी में रख दें |पानी निकल जाएगा और साबूदाना मुलायम हो जाएगा | अब मूंगफली के दाने भून कर छिलके निकाल लें और दरदरा कर लें | आलू उबाल कर छोटे टुकडे कर लें | अब कडाही में घी डाल कर जीरा और कटी हरी मिर्च डाल कर भून लें |इस के बाद आलू के टुकडे ,साबूदाना और मूंगफली का चूरा ओर नमक वगैरा मसाले कडाही में डाल दें और मिला लें |अगर थोड़ा मीठा पसंद करतें हैं तो अब उसमें थोड़ी सी चीनी डाल दें |लगभग पांच मिनट में ये पाक जाएगा |ऊपर से हरा धनिया डाल दें |यह गर्ग खाने में अधिक स्वादिष्ट लगता है |इसको दही के साथ खाइए .......
                     -निवेदिता

Friday, April 1, 2011

कुछ चोर रास्ते मेहमाननवाज़ी के ....

आज आपको मेहमाननवाज़ी के कुछ चोर रास्ते बताते हैं |इन चोर रास्तों की ज़रुरत अचानक आ गए मेहमानों
की खातिर के समय पड़ती है |यूँ तो कुछ बना ही लेते हैं लेकिन थोड़ा अतिरिक्त भागदौड़ करके और मेहमानों को अकेला बैठा कर |अगर एकाद व्यंजन बना कर रख लें तो उसका रूप बदल कर नयी डिश परोस सकते हैं |
      वडा - अगर वडा पहले ही तल कर रख लें तो उसका स्वाद खराब नहीं होता |अगर संशय हो तो फ्रीज़र में भी रख सकते है |जब बनाना हो ,उस को तेज़ गरम पानी में भिगो दें और ढककर रख दें |तले हुए वडे से आप तुरंत दही-वडा या सांभर-वडा बना सकते हैं |सांभर बनाने में तो मुश्किल से दस से पंद्रह मिनट लगते हैं |तैयार वड़ों को हल्का सा सूखा ही गरम कर के हाथों से मसल कर खस्ता और कचौड़ी की भरावन भी कुछ पलों में तैयार हो जायेगी |
      छौंके हुए आलू -  आलू अकसर उबाल कर रखे जाते हैं की जब जरूरत हो तुरंत भून कर इस्तेमाल कर लिया जाएगा | उबाले हुए आलुओं को भूनने में घी ज्यादा सोखता है ,अन्यथा सोंधापन नहीं आता है | इसके स्थान पर कच्चे आलुओं को छील कर सिर्फ हींग-जीरे की छौंक लगा कर गला लें और धीमी आंच पर कम घी में ही सोंधा कर लें |उसमें अपने स्वादानुसार मसाले -लाल मिर्च ,गरम मसाला ,पीसी खटाई इत्यादि -डाल लें | ये आलू फ्रिज में रख लें दो-तीन दिन स्वाद ताज़े आलुओं सा ही रहेगा |यदि उससे ज्यादा रखना है तो फ्रीजर में रखें |इन आलुओं से आप समोसे ,ब्रेडरोल ,कटलेट ,बर्गर ,सैंडविच ,पराठे कुछ भी बना सकते हैं |इसके अलावा उसमें ताज़ी छौंक लगा कर हल्का भून कर आलू की सूखी सब्जी के रूप में भी परोस सकते हैं |
      हरी मटर-हरी मटर को पीस कर भून कर छोटे पैकेट में कर के फ्रीज़र में रख लें |ये जल्दी में निमोना बनाने के काम आयेगा |
       कटहली -इसको भी छोटे टुकड़ो में काट कर तल कर फ्रीज़र में रख लें |बिना मौसम की कटहली खिलाने का आनंद अलग ही लगेगा |
        खोया-खोया भून कर फ्रीज़र में रखें |अचानक आ गए मेहमानों को अपनी तुरंत बनायी मिठाई खिलाएं |
        मसाला -अकसर खाना बनाने से अधिक समय मसालों को धीमी आंच पर भूनने में लगता है |लहसुन-प्याज पीस कर धीमी आंच में भून कर रख लें ,जब जैसे मसाले की जरूरत हो वैसे मसाले डाल कर दो से तीन मिनटों में आप मनपसंद मसाला तैयार कर सकती है |
      बस आज के लिया इतने चोर-रास्ते काफी हैं ,बाकी फिर कभी ......
                                                                                           -निवेदिता